करवा चौथ को लेकर मेंहदी लगवाती महिलाएं। संवाद
जौनपुर। अखंड सौभाग्य की कामना के लिए सुहागिन महिलाएं बृहस्पतिवार को करवा चौथ का व्रत रखेंगी। पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह है। घरों में पूजन की तैयारियां हो चुकी हैं। बुधवार को बाजार में रौनक दिखी। महिलाओं ने साड़ी, चूड़ियां, मेहंदी, करवा, पूजा की थाली और शृंगार के सामान की खरीदारी की। करवा चौथ पर महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। शाम को विधि-विधान से भगवान गणेश और करवा माता की पूजा की जाती है। इसके बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाता है। नवविवाहिताओं में पर्व को लेकर खास उत्साह नजर आया। घरों में पकवान भी बनाए गए।