जौनपुर। संतान के दीर्घायु और घर में खुशहाली के साथ सुख, समृद्धि के लिए सोमवार को महिलाओं ने व्रत रखकर भगवान गणेश की पूजा की। पूजा करने के साथ ही फल, लड्डू आदि का भोग भी लगाया।
घर में साफ सफाई के साथ सुबह व्रत शुरू हुआ। शाम को पूजन किया गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक व्रत को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह रहा। मान्यता है कि गणेश चतुर्थी का व्रत रखने से परिवार में खुशहाली आती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन गणपति बप्पा की पूजा करने से घर में सुख व समृद्धि आती है। इसको लेकर सोमवार को बाजारों में खरीदारों के लिए भीड़ देखी गई। इसमें अधिकतर महिलाएं पूजन सामग्री व फल की खरीदारी करती देखी गई।
ज्योतिषाचार्य पंडित डॉ. रजनीकांत द्विवेदी ने बताया कि इस दिन भगवान गणेश को तिल व गुड़ चढ़ाने से पापों से मुक्ति व कष्टों से छुटकारा मिलता है। सुबह स्नान के बाद महिलाओं ने व्रत का संकल्प लिया। उसके बाद गणेश मंदिर में दर्शन पूजन किया। रात में चंद्रोदय के साथ चंद्रमा की पूजा के बाद भगवान गणेश की पूजा की गई।