डाेभी विद्युत उपकेन्द्र पर स्मार्ट मीटर फेंककर प्रदर्शन करती महिलाएं। स्रोत-संवाद
चंदवक। क्षेत्र के डोभी उपकेंद्र अंतर्गत बीरीबारी इलाके में मंगलवार को स्मार्ट मीटर से आ रहे मनमाने बिजली बिलों के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। लगातार बढ़ते बिल और शिकायतों के बावजूद कोई समाधान न मिलने से नाराज दर्जनों महिलाओं ने अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर उखाड़ दिए। आक्रोशित महिलाएं इन मीटरों को लेकर सीधे डोभी बिजलीघर पहुंचीं और वहां मीटर फेंकते हुए विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का आरोप है कि जब से क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, तब से बिलों में भारी विसंगति देखने को मिल रही है। महिलाओं ने बताया कि जिन घरों में पहले महीने का बिल 500 से 600 रुपये आता था, अब वही बिल बिना किसी अतिरिक्त लोड के 5 से 6 हजार रुपये तक आ रहा है। कुछ उपभोक्ताओं के पास मीटर लगने से पहले ही भारी-भरकम बिल भेज दिए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी उनकी सुनने को तैयार नहीं हैं। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन और मीटर फेंकने की घटना से बिजलीघर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया और उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस मामले में विद्युत वितरण उपखंड डोभी के एसडीओ संजीव भास्कर ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को यदि मीटर या बिल से जुड़ी कोई समस्या है, तो उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिखित शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी संपत्ति यानी मीटर को उखाड़ना और फेंकना कानूनन अपराध है। ऐसा करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे कानून को हाथ में न लें और समस्याओं का समाधान नियमों के दायरे में रहकर ही खोजें।