धर्मापुर। लाइन बाजार थानाक्षेत्र के कादीपुर, रामदयालगंज की एक युवती ने शादी से मना करने पर एक युवक पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता महिमा सिंह की तहरीर पर आरोपी गौरव सिंह (निवासी भौंरा, केराकत) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, महिमा और गौरव के बीच शादी की बातचीत चल रही थी। आरोप है कि जब युवती ने शादी से इन्कार किया, तो 11 अप्रैल की रात करीब 1:30 बजे आरोपी ने उसके घर पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़िता ने मारपीट के बाद निजी अस्पताल में इलाज कराया। आरोप यह भी है कि इलाज के दौरान आरोपी ने युवती का मोबाइल लेकर उसका सारा डाटा डिलीट कर दिया। हालांकि, 20 अप्रैल को दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हुआ था लेकिन इसके बावजूद 22 और 23 अप्रैल को आरोपी ने फोन कर युवती और उसके रिश्तेदारों को जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर पीड़िता ने मंगलवार को पुलिस की शरण ली। थाना प्रभारी केके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उपनिरीक्षक राम भरोसे राम मामले की जांच कर रहे हैं।