शाहगंज। हुब्बीगंज रोड स्थित हेनुआतर भांदी गांव के समीप देसी शराब की दुकान खोलने के विरोध में महिलाओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप है कि खरौना गांव में खुलने वाली शराब की दुकान हेनुआतर गांव में खोली जा रही है। पुलिस ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया वह मानने को तैयार नहीं हैं। एक अप्रैल को ग्राम सभा में जोगिंदर मौर्या का मकान किराये पर लेकर देसी शराब की दुकान खोली जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि उसी रोड से गांव के बच्चे और बच्चियां बगल स्थित विद्यालय में पढ़ने जाते हैं। शराब की दुकान के पास पहले भी गाली-गलौज और मारपीट होती रहती थी। इससे बच्चों पर दुष्प्रभाव पड़ता है। गांव की महिलाओं ने एक अप्रैल को ही कोतवाली और तहसील का घेराव कर इसका विरोध किया था। दीपक मौर्या ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र दिया था। एसडीएम राजेश कुमार चौरसिया ने जांच कर ठेका दूसरी जगह खोलने का आश्वासन दिया था। 21 दिन बीत जाने के बाद वहीं शराब की दुकान खोलने से नाराज महिलाओं ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन कर दुकान बंद कराने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को समझने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं है। आबकारी इंस्पेक्टर भीम तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी है। हेनुआतर से दुकान हटवाकर दुकान जहां के लिए आवंटित हुई है उसी जगह खोली जाएगी। संवाद