केराकत। उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह के निर्देशन में सोमवार को कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर केराकत ब्लाक कार्यालय पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ तीन प्रमुख मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने एनपीएस और यूपीएस जैसी योजनाओं का विरोध, सरकारी विभागों में तेजी से हो रहे निजीकरण का विरोध, चतुर्थ श्रेणी की भर्ती प्रक्रिया को बंद किए जाने का विरोध किया। कर्मचारियों का कहना है कि नई पेंशन योजना (एनपीएस) कर्मचारी हितों के विपरीत है, जिससे भविष्य में आर्थिक असुरक्षा बढ़ेगी। वहीं निजीकरण की नीतियों से सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता व स्थायित्व दोनों पर खतरा मंडरा रहा है। चतुर्थ श्रेणी की भर्ती प्रक्रिया को बंद करना युवाओं के लिए रोजगार के अवसर समाप्त करने जैसा है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। इस मौके पर जयेश यादव, शिवकुमार, सतीश सरोज, अशोक कुमार, ज्ञानचंद, दिनेश यादव आदि उपस्थित रहे।