जौनपुर। परिषदीय विद्यालयों में 69 हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए बुधवार को पहले दिन काउंसिलिंग के लिए महिला और दिव्यांग अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। डायट परिसर में 15 टेबल पर काउसिंलिंग की जाएगी। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। काउंसिलिंग की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
जिले में कुल 2270 पदों पर सहायक अध्यापक के पद पर भर्ती होनी है। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि सुबह दस बजे से होने वाली काउंसिलिंग की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए काउंसिलिंग की जाएगी। इसके लिए अलग अलग 15 टेबल लगाए गए हैं। टेबल पर लोग कतारबद्ध होकर पहुंचें इसके लिए सभी टेबलों के सामने स्सी बंधवा दी गई है। एक लाइन में एक बार में दस लोग ही रहेंगे। काउंसिलिंग कराने के लिए आने वाले अभ्यर्थियों की पहले थर्मल स्क्रीनिंग फिर सैनिटाइज करने के बाद उन्हें आगे काउंसिलिंग के लिए भेजा जाएगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती रहेगी। सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे मास्क लगाकर ही काउंसिंलिग के लिए आएंगे। जिन अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का कोई संदेह होगा तो उनकी समस्या के समाधान के लिए बीएसए कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है । उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को अपने सभी शौक्षिक प्रमाण पत्रों की मूल कापी और हलफनामा के साथ दो प्रति मेें स्वप्रमाणित छाया प्रति साथ में लाना होगा।
आशंकाओं के समाधान के लिए पहुंचे बीएसए दफ्तर
जौनपुर। शिक्षक भर्ती के लिए काउंसिलिंग भले ही बुधवार को होनी है पर तमाम आशंकाओं के समाधान के लिए लोग मंगलवार को ही बीएसए कर्यालय पहुंच गए। बीएसए कार्यालय आने वाले सबसे अधिक अभ्यर्थी इस बात से परेशान थे उन्हें हलफनामा कितनी प्रतियों में बनवाना है। बक्शा से आए सुमित गुप्ता का कहना था कि गोरखपुर बीएसए कार्यालय से जो विज्ञप्ति जारी की गई है उसके मुताबिक एक हलफनामा एक सौ रुपये के स्टांप पर होगा जबकि अन्य चार हलफनामा दस दस रुपये के स्टांप पर बनवाना होगा। ऐसे लोगों को यहां से जारी होने वाली विज्ञप्ति देखने को कहा गया। मड़ियाहूं सर्वेश कुमार यादव , खुटहन से आए पंकज कुमार की भी यही समस्या थी।