जौनपुर जिले के केराकत क्षेत्र के एक गांव में घर से कुछ दूर झाड़ी में शनिवार को एक युवती की लाश बरामद हुई। परिवार वालों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने रविवार को पुलिस को तहरीर दी है।
शनिवार को सुबह घर से दूर झाड़ी में युवती की लाश मिली थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। अंतिम संस्कार के बाद युवती और उसकी दादी के मोबाइल फोन पर तीन अलग-अलग नंबरों से आए अश्लील मैसेज देखने के बाद परिवार वालों को शक हुआ कि हो न हो दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। उसके बाद पिता ने तहरीर दी।
तहरीर में कहा है कि उनकी बेटी शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद सो गई थी। शनिवार को सुबह वह बिस्तर पर नहीं मिली तो खोजबीन की गई। शनिवार को सुबह करीब आठ बजे घर से दूर झाड़ी में उसका शव पाया गया। उसके गले में एक लाल रंग का गमछा भी था।
शव का परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया लेकिन बाद में लड़की और उसकी दादी के मोबाइल पर अलग अलग नंबरों से आए अश्लील मैसेज को देखने से लग रहा है कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और बाद में गला कसकर हत्याकर दी गई। सीओ केराकत अजय कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि ऐसी किसी घटना की जानकारी उन्हें नहीं है। अगर तहरीर मिली है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।