मछलीशहर। पंवारा गाँव मे रविवार को सुबह जमीनी विवाद में हुई मारपीट में महिला की मौत हो गई। मृत महिला के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पवारा गाँव में गौरीशंकर व भारत कुमार के बीच जमीन को लेकर कई महीनों से विवाद चल रहा है। पिछले महीने उपजिलाधिकारी मछलीशहर के आदेश पर जमीन की नाप कराई गई थी। रविवार को सुबह विवादित जमीन पर भारत कुमार के पक्ष के लोग कुछ निर्माण कर रहे थे। गौरीशंकर के पक्ष की महिला मीना देवी 65 मौके पर पहुंची और निर्माण का विरोध करने लगी। जिसे लेकर मारपीट हो गई। मीना देवी को गंभीर चोट आई। घटना की सूचना पर पहुँची पुलिस ने तुरंत घायल महिला को सतहरिया सीएचसी पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। थाना प्रभारी एसएस पंकज ने बताया कि जमीन पर कब्जे के दौरान हुए विवाद में धक्का लगने से महिला गिर गई थी जिससे गंभीर चोट आने से महिला की मौत हो गई। गौरीशंकर की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।