जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित शास्त्री पुल से बुधवार की रात एक महिला ने अपने दो साल की बच्ची आलिया के साथ गोमती नदी में छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से महिला को बाहर निकलवाया जबकि बच्ची की तलाश की जा रही है। घटना के पीछे पति से आपसी कलह बताई जा रही है। महिला वाराणसी की है।
प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि वाराणसी बीएलडब्ल्यू क्षेत्र निवासी नूरजहां बेगम (22) ने दो साल पहले राजू मोहम्मद के साथ प्रेम विवाह किया था। पति की किसी बात से नाराज होकर वह घर से निकलकर अपने मायके प्रयागराज मेजा जा रही थीं। इसी दौरान बस से उतर उन्होंने करीब आठ बजे शास्त्री पुल पर पहुंचकर अपने दो साल की बच्ची के साथ गोमती नदी में छलांग लगा दी। किसी के कूदने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग पहुंच गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से महिला को बचा लिया गया। गोताखोरों की मदद से बच्ची की तलाश कराई जा रही है। महिला के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।