सुरेरी। थाना क्षेत्र के परमालपुर गांव में रविवार को पंपिंग सेट के पट्टे में साड़ी फंसने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जब तक परिवार के लोग इलाज के लिए ले जाते तब तक उसकी मौत हो गई। इस मामले में परिजनों ने पुलिस को बिना सूचित किए ही अंतिम संस्कार कर दिया।
परमालपुर गांव निवासी समर बहादुर के घर में ही पंपिंग सेट लगा था, जिससे धान की सिंचाई हो रही थी। इस दौरान प्रमिला यादव (32) पत्नी समर बहादुर यादव की साड़ी पंपिंग सेट के पट्टे में फंस गई, जिससे व गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार के लोग इलाज के लिए ले जाने की अभी तैयारी ही कर रहे थे तब तक मौत हो गई। विवाहिता के तीन बच्चे सूरज यादव (18), रोहित यादव (15) व खुशी (13) है। विवाहिता के पति रोजी रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहता है। घटना के बाद किसी ने थाने पर सूचना नहीं दी न ही कोई तहरीर दी गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुरेरी अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि घटना की तहरीर नहीं मिली है। बिना सूचना के अंतिम संस्कार का मामला सामने आया है।