मछलीशहर। कपड़े की सिलाई ठीक नहीं होने की शिकायत करना एक महिला को भारी पड़ गया। आरोप है कि महिला टेलर ने अपने पति के साथ मिलकर पहले मारपीट की और बाद में चाकू से हमला कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने टेलर सहित दो लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पूरा फगुई गांव निवासी पिंकी खातून ने बताया कि जंघई रोड से महावत बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर मुन्नी कपड़े सिलने का काम करती है। उसने मुन्नी को सलवार-सूट सिलने के लिए दिया था। सिलाई सही नहीं होने की शिकायत लेकर वह उसके पास पहुंची थी। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मुन्नी ने अपने पति के साथ मिलकर बगल में रखी सरिया से पिंकी को मारना शुरू कर दिया। इसके बाद चाकू से भी हमला किया। शोर सुनकर पहुंची पिंकी की बहन ने टेलर का हाथ पकड़ लिया। इसके बाद वह किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचा सकी। प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।