जौनपुर जिले में बढ़ते तापमान के साथ ही मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेज हो गया है। शनिवार को 43 डिग्री सेल्सियस तापमान का सीधा असर आम जनजीवन और स्वास्थ्य पर दिखा। जिला अस्पताल की ओपीडी में शनिवार को विभिन्न बीमारियों के 846 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अशोक यादव के अनुसार, गर्मी के कारण पिछले एक सप्ताह में मरीजों की संख्या में 15 से 20 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। अस्पताल की इमरजेंसी में रोजाना 15 से 20 ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं, जो गंभीर डिहाइड्रेशन, डायरिया, पेट दर्द और उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं। विशेषकर बच्चे, बुजुर्ग और धूप में काम करने वाले युवा इन बीमारियों की चपेट में अधिक आ रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने बढ़ती भीड़ को देखते हुए दवाओं और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।