मछलीशहर नगर के चुंगी चौराहे से निकले सपा के जुलूस का नेतृत्व करते विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सूर्
मछलीशहर। चुंगी चौराहे पर सभा की अनुमति नहीं मिलने पर सपा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सूर्यभान यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार हुसैन अहमद को सौंपा।
सपा कार्यकर्ताओं ने पहले चुंगी चौराहे पर धरना और सभा करने की योजना बनाई थी, लेकिन प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण पुलिस ने सभा नहीं होने दी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर तहसील परिसर में विरोध दर्ज कराया। ज्ञापन में सपा नेताओं ने नीट परीक्षा पेपर लीक से आहत होकर आत्महत्या करने वाले अभ्यर्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की।
साथ ही प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने छात्रों के साथ अभद्रता और लाठीचार्ज के दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की भी मांग की। ज्ञापन में राष्ट्रपति से आग्रह किया गया कि यदि प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं तो आवश्यक संवैधानिक कदम उठाए जाएं। प्रदर्शन में विधानसभा क्षेत्र उपाध्यक्ष मेराज खान, नदीम अंसारी, आरिफ अंसारी, डॉ. हस्सान, नन्हेलाल यादव, औन मोहम्मद, अजहर रहमान समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।