थानागद्दी। केराकत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेहड़ा के लखईपुर अनुसूचित बस्ती निवासी सुरेश ने बृहस्पतिवार की रात में डंडे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लखईपुरा बस्ती निवासी सुरेश राम रात करीब 11 बजे घर पहुंचा। घर पहुंचने पर पत्नी पूजा देवी (28) से गाली गलौज करने लगा। पूजा ने विरोध किया तो लाठी-डंडे से पीटने लगा। जिससे उसकी मौत हो गई। मां की पिटाई देख छोटी बेटी चीखने लगी। गांव के लोगों ने शुक्रवार की सुबह पुलिस को सूचना दी। सीओ केराकत गौरव शर्मा, इंस्पेक्टर संजय वर्मा, चौकी प्रभारी थानागद्दी संतोष कुमार यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूजा के मायके वालों को सूचित किया।
थानागद्दी के चौकी प्रभारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि पूजा के भाई अनिल कुमार निवासी मोहल्ला डिहवा थाना मंडुवाडीह वाराणसी ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और पूजा की हत्या करने की तहरीर दी है। ऐसे में सुरेश के विरुद्ध दहेज के लिए प्रताड़ना एवं हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मृतका की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी।