सफाई कर्मी की नौकरी दिलाने के नाम पर दिए गए रुपये वापस मांगना एक पीड़ित को भारी पड़ गया। मनबढ़ों ने शुक्रवार शाम अधेड़ को सरिया और रॉड से पीटकर हाथ-पैर तोड़कर अधमरा कर दिया। प्राथमिक इलाज कराने के बाद वह शनिवार को थाने पहुंचकर तहरीर दिया। क्षेत्र के सिकंदरा गांव निवासी रामजस यादव (42 ) शनिवार को पत्नी और बेटे के साथ प्राइवेट एंबुलेंस से थाने पहुंचकर तहरीर देकर अपनी पीड़ा बताया। पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि 2019 में सफाई कर्मी की नौकरी दिलाने के एवज में गांव के ही एक शिक्षक को पांच लाख रुपये नगद दिए थे। निश्चित समय तक नौकरी न दिला पाने पर पीड़ित जब अपने रुपये वापस मांगने लगा तो शिक्षक गोलमोल जवाब देकर उसे बहकाने का प्रयास करता रहा। बाद में बार-बार उनसे रुपयों की मांग करने पर वह शिक्षक उसे धमकाना शुरू कर दिया। थाना अध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर लेकर पीड़ित का मेडिकल कराते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।