जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गेहूं क्रय केंद्र प्रभारियों की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने कहा कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए शासन से निर्धारित गेहूं क्रय नीति के अंतर्गत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 प्रति क्विंटल पर गेहूं खरीद सुनिश्चित की जाएगी। जनपद 6 क्रय संस्थाओं के कुल 139 गेहूं क्रय केंद्रों को अनुमोदित किया गया है। इनमें खाद्य विभाग के 21 केंद्र, पीसीएफ के 76, पीसीयू के 31, एफसीआई के 04, मण्डी समिति के 03 एवं नैफेड के 04 केंद्र सम्मिलित हैं। जनपद में उपरोक्त 6 क्रय संस्थाओं के माध्यम से दिनांक 16 अप्रैल तक 513 किसानों से 2540.129 मी0टन गेहूं खरीद की जा चुकी है। अनुमोदित क्रय केंद्रों के सापेक्ष 16 अप्रैल 2026 तक 69 गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू हो चुकी है। बाकी पर खरीद कराई जा रही है। गेहूं विक्रय के लिए जिले में अब तक 6627 किसानों ने पंजीयन कराया है। जिलाधिकारी ने सभी जिला प्रबंधकों को अपने क्रय केंद्रों पर तत्काल गेहूं खरीद शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। जनपद में गेहूं खरीद के लिए बोरों की पर्याप्त उपलब्धता है। उचित दर विक्रेताओं से भी अब तक 405 गांठ उपयोगी जूट बोरे प्राप्त किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र प्रभारी सुबह 9.00 बजे अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर ई-पाॅप मशीन पर उपस्थिति दर्ज कराते हुए और किसानों से शिष्ट व्यवहार करते हुए नियमानुसार गेहूं खरीद करने के निर्देश दिए।