जौनपुर। बदलता मौसम लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। वायरल बुखार, खांसी और गले का दर्द लोगों को परेशान कर रहा है। पिछले कई दिनों से जिला अस्पताल से लेकर निजी अस्पतालों तक की ओपीडी ऐसे मरीजों से भरी है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में विभिन्न बीमारियों के 1074 मरीज इलाज कराने पहुंचे। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डाॅ. अशोक कुमार यादव ने बताया कि वायरल, बुखार और खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ी है। संक्रामक बीमारियों का सीजन चल रहा है। तापमान में भी उतार-चढ़ाव चल रहा है।
नतीजतन ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को ओपीडी में 1074 मरीज पहुंचे। इसमें वायरल और बुखार के साथ खांसी व गले में दर्द के मरीजों की संख्या ज्यादा रही। मरीजों का चेकअप कर दवा दी जा रही है। मौसम में आए बदलाव के कारण वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसके अलावा बुखार और सर्दी-खांसी के मरीज भी आ रहे हैं। दवा के साथ चिकित्सक सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। गौराबादशाहपुर निवासी धनेसरा देवी ने बताया कि सुबह-शास खांसते-खांसते उनके गले में दर्द हो रहा था। डाॅक्टर को दिखाने आई थी। दवा के साथ गुनगुना पानी पीने की सलाह मिली है। बनरहिया बांद निवासी राम आसरे ने बताया कि सर्दी-जुकाम के साथ बुखार की शिकायत थी। चिकित्सक को दिखाकर दवा ली।