नगर निगम आयुक्त पंकज राय ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए यह फैसला लिया है।
अब शहर में रहने वाले लोगों को शुद्ध पानी के लिए भटकना नहीं होगा। नगर पालिका उनके घर तक शुद्ध पानी पहुंचाएगा। अमृत योजना के तहत पानी की किल्लत से जूझ रहे घरों का सर्वे कराया जा रहा है। योजना है कि शहरी इलाके के सभी घरों में पानी की सप्लाई पहुंचे।
जरूरत के हिसाब से नए ट्यूबवेल और ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे। पांच नए ट्यूबवेल लगाने के लिए स्थान खोजा जा रहा है। नगर पालिका क्षेत्र के 31 वार्ड में लगभग दो लाख 40 हजार लोग निवास करते हैं।
जिनको शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के लिए वर्तमान समय में 26 बड़े ट्यूबवेल, 24 मिनी ट्यूबवेल और सात ओवर हेड टैंक हैं। लेकिन आबादी के हिसाब से यह सुविधा कम है। शहरी इलाके का दायरा बढ़ा पर संसाधन नहीं बढ़े।
जिसके कारण आज भी कई कालोनियों में सैकड़ों घर हैं जिनके यहां पानी का कनेक्शन नहीं है। ऐसे ही घरों तक पाइप से पानी की सप्लाई की तैयारी की गई है। अमृत योजना के तहत हर लोगों के घरों तक शीघ्र पानी पहुंचेगा।
उक्त योजना को परवान चढ़ाने का कार्य नगर पालिका द्वारा शुरु कर दिया गया है। इसके लिए नगर पालिका द्वारा जिन लोगों के घरों तक पाइप नहीं बिछी है उनका सर्वे किया जा रहा है। अभी तक 150 घरों का सर्वे किया गया है।
जरूरत वाले इलाकों में टयूबवेल व ओवर हेड टैंक बनाए जाएंगे। ईशापुर व रसूलाबाद में दो बड़े टयूबवेल का निर्माण कार्य पूरा भी करा लिया गया है। सिर्फ बिजली का कनेक्शन होना बाकी है। इसके अलावा पांच मिनी ट्यूबवेल लगाने के लिए शासन से स्वीकृत मिल चुकी है।