सिकरारा। पुलिस ने बरगुदर पुल के पास शनिवार की सुबह 25 हजार के इनामी बदमाश संगम यादव को गिरफ्तार किया। बदमाश गैंगस्टर एक्ट के तहत भी वांछित था। उसके खिलाफ जिले के 6 थानों में 14 मुकदमे दर्ज हैं। थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी संगम यादव हुसैनाबाद थाना शाहगंज का रहने वाला है। बीते कई दिनों से इसकी तलाश की जा रही थी। शनिवार को पुलिस टीम सुबह करीब 10 बजे सिकरारा चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित और 25 हजार का इनामी शातिर संगम यादव कहीं जाने के फिराक में बरगुदर पुल के पास किसी वाहन की प्रतीक्षा में खड़ा है। पुलिस टीम तत्काल वहां पहुंची और घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। नाम-पता तस्दीक होने के बाद उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया। सीओ परमानंद कुशवाहा ने बताया कि इनामी बदमाश संगम यादव के खिलाफ जिले के खुटहन थाने में 5, बदलापुर थाने में 2, लाइन बाजार थाने में 3, शाहगंज थाने में 2, सरायख्वाजा थाने में एक और सिकरारा थाने में एक मुकदमा दर्ज है। इसमें आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के 3, आबकारी एक्ट के तहत 4, आर्म्स एक्ट के तहत एक व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।