शाहगंज। महाशिवरात्रि के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने बुधवार की शाम अखिल भारतीय घोष दिवस पर स्वरांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया । इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने घोष का वादन कर नगर में पथ संचलन किया। मुख्य वक्ता जनपद विभाग के कार्यवाह डॉ.नितेश ने कहा कि भारतवर्ष में प्राचीन काल से घोष वादन की परंपरा रही है।
युद्ध के प्रारंभ व संचालन में घोष से रणभेरी होती थी। संघ ने अपने स्वयंसेवकों को प्रेरित करने के लिए तथा अपने शारीरिक कार्यक्रमों की गुणवत्ता के लिए घोष को अपने कार्यक्रम में सम्मिलित किया। भगवान शंकर ने अपने डमरू को चौदह बार बजाया तो उससे जो सूत्र व स्वर निकले, उससे व्याकरण और संगीत के स्वर विकसित हुए। इसी भावना से प्रेरित होकर महाशिवरात्रि को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अखिल भारतीय घोष दिवस के रूप में मनाता है। घोष संघ की शारीरिक रचना का अभिन्न अंग है। इस अवसर पर नगर संघ चालक दिलीप, नगर सहसंघचालक श्रीरामजी, वीरेंद्र, जिला प्रचारक रजत, जिला सह शारीरिक शिक्षण प्रमुख मुकेश, हनुमान विनय आदि रहे।