पांच विकास खंडों सिकरारा, मडिय़ाहूं, रामनगर, रामपुर और बरसठी के चुनाव में मतदाताओं का रुझान काफी कम दिखा। किसी भी विकास खंड के मतदाता फ स्र्ट डिवीजन यानी 60 फीसदी से अधिक मतदान नहीं कर सके। रामनगर में 59.49, बरसठी में 55.45, रामपुर 57.14, मडिय़ाहूं 58.14, सिकरारा में 57.22 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव के दौरान मडिय़ाहूं के रजमलपुर गांव की पोलिंग पर बूथ संख्या 169 के एजेंट अजय पटेल की किसी बात पर वहां ड्यूटी पर तैनात दरोगा अखिलेश यादव ने बूथ के बाहर लेजाकर लाठियों से पिटाई करने लगा जिसमें अजय बेहोश हो गया। इसकी जानकारी जब ग्रामीणों को हुई तो वे सैकड़ों की संख्या में लाठी डंडा लेकर बूथ पर पहुंच गए और दरोगा की पिटाई शुरू कर दी। पिटाई में दरोगा का सिर फट गया। ग्रामीण बूथ संख्या 169 और 170 की पेटी से मत पत्र निकाल कर फाड़ कर फेंक दिए और दोनों मत पेटियों में पानी डाल दिए। 167 और 168 बूथ की मतपेटी में भी पानी डाल दिया गया। सूचना पर डीएम भानुचंद्र गोस्वामी, एसपी राजू बाबू सिंह भी पहुंच गए। और साढ़े तीन बजे मतदान बंद करा दिया गया। चारों बूथों पर फिर से मतदान के आदेश जिला निर्वाचन आधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी ने दिया है। उधर अजय पटेल को सीएचसी मडिय़ाहूं में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।