मैहर मंदिर परिसर में दर्शन पूजन के लिए सुबह से ही लोग कतारबद्ध होने लगे थे। चारों ओर माता के जयकारे गूंजते रहे। घरों में कलश की स्थापना की गई और व्रत रखा।
मंगलवार को नवरात्र के पहले दिन घरों में कलश स्थापना की गई। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार वालों के साथ देवी शैलपुत्री की स्तुति की। दुर्गा सप्तशती और दुर्गा चालीसा का पाठ किया गया। भोर से ही शहर के देवी मंदिरों मां शीतला चौकिया धाम, मैहर देवी, विसर्जन घाट स्थित नवदुर्गा मंदिर, सिटी स्टेशन स्थित काली मां मंदिर में दिनभर पूजन-अर्चन का सिलसिला जारी रहा। शाम होते ही पूजा पंडालों में पुरोहितों ने हवन-पूजन के बाद देवी प्रतिमाओं के पट खोल दिए। इसके साथ ही देवी के जयकारे फि जा में गूंजने लगे।
सिकरारा क्षेत्र में नवरात्र के पहले दिन क्षेत्र के पंडालों में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। सिकरारा चौराहा, शेरवां लाला बाजार, अजोशी महावीर धाम में पूजा-अर्चना हुई। सिंगरामऊ सिद्धपीठ मां काली मंदिर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में नारियलए चुनरी चढ़ाकर मत्था टेका। शाहगंज तहसील स्थित गायत्री मंदिर में गायत्री परिवार ने विधिवत कलश स्थापना की। बक्शा क्षेत्र में पूजा पंडालों से माहौल भक्तिमय रहा। मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र में मंदिरों पर सुबह से दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। घरों में कलश स्थापना कर महिलाओं ने व्रत रखकर पूजा अर्चना की।