जौनपुर। जिला महिला अस्पताल में एक महिला का उपचार न किए जाने का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो का संज्ञान में लेते हुए डीएम ने जांच कर रिपोर्ट मांगी। सीएमओ ने देर शाम जांच रिपोर्ट भी सौंप दी। जिसमें इस मामले को फर्जी बताया गया है। साथ ही वीडियो बनाने वाले दो लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर भी दी है।
वायरल वीडियो में खुद का नाम शमा परवीन बताने वाली महिला आरोप लगा रही है कि एक महिला डॉक्टर के साथ मौजूद कर्मचारी ने उनके साथ अमानवीय और भेदभावपूर्ण व्यवहार किया। उन्होंने उनका इलाज करने से इन्कार कर दिया। उधर, वीडियो का संज्ञान लेते हुए डीएम डाॅ. दिनेश चंद्र ने सीएमओ डाॅ. लक्ष्मी सिंह को जांच का आदेश दिया। देर शाम सीएमओ ने जांच रिपोर्ट भी सौंप दी। सीएमओ ने बताया कि जिला महिला चिकित्सालय के सीएमएस से मामले की जांच करवाई गई। उन्होंने जांच रिपोर्ट में वीडियो बनाने वाले दो लोगों का नाम बताया है। रिपोर्ट के मुताबिक दोनों युवकों ने जबरन प्रसूता वार्ड में घुसकर मरीज को बहलाकर बयान लिया है। मरीज को बिना किसी सूचना के अस्पताल परिसर से भगा दिया गया। जिसकी सूचना भंडारी चौकी पर दी गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि महिला शमा परवीन पत्नी अरमान शाह जो बक्शा ब्लॉक के उत्तर पट्टी की रहने वाली है, दो अक्तूबर को सुबह 7 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बक्शा में प्रसव के लिए भर्ती हुई और सुबह 07:38 बजे नार्मल प्रसव के माध्यम से पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। प्रसव स्टाफ नर्स सपना कुमारी द्वारा कराया गया। बच्चा स्वस्थ था।