मुंगराबादशाहपुर। उत्तर रेलवे के प्रतापगढ़-जंघई रेलखंड के दोहरीकरण को अंतिम रूप देने के लिए मुंगराबादशाहपुर रेलवे फाटक संख्या 64 बी को 15 मई की शाम 8 से 16 मई को सुबह 6 बजे तक सड़क यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान सभी वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट प्लान तैयार किया गया है। उत्तर रेलवे के सेक्शन इंजीनियर कंस्ट्रक्शन मनोज बुंदेला ने जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में कहा है कि गौरा और बादशाहपुर रेलखंड के बीच चल रहे रेल लाइन दोहरीकरण और ट्रैक बिछाने के कार्य को देखते हुए रेल प्रशासन ने निर्णय लिया है कि 15 मई 2026 (शुक्रवार) की रात 8 बजे से 16 मई की सुबह 6 बजे तक रेलवे फाटक पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान कुल 10 घंटों तक रेलवे फाटक से किसी वाहन का आवागमन संभव नहीं होगा। सेक्शन इंजीनियर मनोज बुंदेला ने बताया कि समपार फाटक संख्या 64-बी पर नए ट्रैक बिछाने और तकनीकी मरम्मत के कार्य की जटिलता को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से सड़क यातायात रोकना जरूरी है। रेलवे प्रशासन ने आम जनता और वाहन स्वामियों से अपील की है कि उन्होंने इस अवधि के दौरान असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का चुनाव करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि हमारा प्रयास रहेगा कि निर्धारित 10 घंटों के भीतर कार्य को पूरा कर लिया जाए, ताकि सुबह होते ही यातायात को पुनः बहाल किया जा सके। सेक्शन इंजीनियर ने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा के दृष्टिकोण को मद्देनजर रखते हुए पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।