वाराणसी-लखनऊ रेल मार्ग पर जौनपुर में सुल्तानपुर गेट नंबर-3 बी पर हादसा होने से बच गया। फाटक खुला रहा और ट्रेन पहुंच गई। सुबह 9:16 मिनट पर सुल्तानपुर से वाराणसी की तरफ पैसेंजर ट्रेन जा रही थी। लोको पायलट ने देखा कि सुल्तानपुर का गेट नंबर 3 बी बंद नहीं है और कई वाहन ट्रैक पर हैं। तब पायलट ने ट्रेन रोक कर ट्रैफिक पास होने के बाद धीरे-धीरे गाड़ी को आगे बढ़ाया।
पायलट ने सूझबूझ का परिचय दिया। इससे कोई हादसा नहीं हुआ। घटना के वक्त ट्रेन को आता देख दर्जनों बाइक, साइकिल व चार पहिया वाहन सवारों में दहशत फैल गई थी। जफराबाद स्टेशन अधीक्षक संजीव कुमार का कहना था कि पैसेंजर ट्रेन आने के पहले जफराबाद से सुल्तानपुर की तरफ मालगाड़ी पास हुई थी। इस कारण से गेट पर भारी ट्रैफिक था।
गेट खोलकर ट्रैफिक पास कराया जा रहा था। तभी सुल्तानपुर की तरफ से आने वाली पैसेंजर का सिग्नल हो गया। जिस कारण गेट बंद नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि गेट नंबर 3 बी सिग्नल वाला गेट है। ड्राइवर गेट खुला रहने पर भी अपने सूझबूझ से धीरे-धीरे ट्रेन ले जा सकता है। यह रूल में है। यही बात क्रॉसिंग गेट पर तैनात गेट मैन रमेंद्र नाथ मिश्रा ने भी कही।