बदलापुर। कोरोना से बचाव को लेकर तहसील प्रशासन व पुलिस के बीच चल रही रस्साकशी में सब्जी आढ़तिया बीच में पिस रहे हैं। उनके सामने मंडी खुलने के समय को लेकर उहापोह की स्थिति बनी हुई है। शासन ने 14 जुलाई को स्पष्ट आदेश दिया था कि लॉक डाउन के दौरान सब्जी मंडी, दूध, फल तथा दवा की दुकानें खुली रहेंगी, लेकिन बदलापुर में पुलिस प्रशासन ने शनिवार को मेडिकल स्टोर को छोड़कर अन्य सभी दुकानों को बंद करा दिया था।
एसडीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा था कि सब्जी मंडी सुबह पांच बजे से लेकर सुबह 9 बजे तक खुली रहेंगी। वहीं प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया ने कहा कि मैं पूर्ण लॉक डाउन का अनुपालन कराऊंगा। इस दौरान मेडिकल स्टोर को छोड़कर कोई भी दुकान नहीं खुलेगी। इसी बात को लेकर आढ़तियों में ऊहापोह की स्थिति बनी रही। शनिवार को मंडी कुछ देर के लिए खुल, किन्तु शनिवार बंदी के कारण ग्राहकों के नहीं आने से किसी की बोहनी तक नहीं हुई। आढ़तियों का आरोप है कि वे शुक्रवार को एसडीएम से मिलकर उन्हें पत्रक सौंपते हुए सब्जी मंडी खोलने के लिए स्पष्ट आदेश की मांग किये थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
कंटेनमेंट जोन में खुलीं दुकानें
बदलापुर। कस्बे में शुक्रवार को 11 व्यापारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। ईओ डा. महेंद्र कुमार द्वारा कस्बे को चारों तरफ से वैरीकेटिंग करके सील तो कर दिया गया, किन्तु शनिवार की सुबह कुछ दुकानदार अपनी दुकानें खोलकर बिक्री करने में जुटे रहे। मुख्य बाजार के चारो दिशाओं में की गई वैरीकेटिंग के आस- पास कोई भी पुलिसकर्मी दिखाई नहीं पड़ा। यदि इसी तरह से पुलिस की लापरवाही रही तो कंटेनमेंट जोन घोषित होने का कोई औचित्य नहीं रह जाएगा।इस संबंध में ईओ डा. महेंद्र कुमार ने कहा कि सुबह कुछ दुकानें खुली थी, जिन्हें बंद करा दिया गया। एसडीएम से बात करके कंटेनमेंट जोन में सख्ती बढ़ाई जाएगी।