जौनपुर। कोरोना वैक्सीनेशन के लिए जिले में भी तैयारी शुरू हो गई है। शहर और ग्रामीण क्षेत्र के तीन-तीन केंद्रों पर पांच जनवरी को पूर्वाभ्यास प्रस्तावित है। शनिवार को सीएमओ ने संबंधित अस्पतालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य अधीक्षकों को इसके लिए सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
पहले चरण में साढ़े 13 हजार स्वास्थ्य कर्मचारियों का टीकाकरण होना है। शहर में चार और ग्रामीण क्षेत्र में 21 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। कर्मचारियों का पूरा ब्योरा कोविड-19 पोर्टल पर फीड किया जा चुका है। राष्ट्रीय स्तर पर वैक्सीन के पूर्वाभ्यास के बाद अब जिला स्तर भी इसकी तैयारी शुरू की गई है। सबसे पहले छह केंद्रों पर टीकाकरण की शुरुआत होगी। इसमें शहर के तीन केंद्र जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय के समीप लीलावती अस्पताल शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्र में नौपेड़वा, जलालपुर और मड़ियाहूं या बदलापुर सीएचसी से टीकाकरण की शुरुआत होगी। शनिवार को सीएमओ ने इन केंद्रों की जांच की। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि पांच जनवरी को इन केंद्रों पर पूर्वाभ्यास की तैयारी है। संबंधित चिकित्सक व कर्मचारियों को इसके लिए निर्देशित किया गया है।
तीन मरीज मिले, आठ ठीक हुए
जौनपुर। जिले में शनिवार को कोरोना के तीन नए मरीज मिले हैं। वहीं पहले के आठ मरीज ठीक हुए। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को 1397 सैंपल के रिजल्ट प्राप्त हुए, जिसमें 3 पॉजिटिव हैं। नए मरीजों को मिलाकर कुल पॉजिटिव केस 6597 हो गए हैं। इसमें 6335 मरीज ठीक हुए हैं। 97 मरीजों की मौत हुई है। विभिन्न क्षेत्रों से कैंप में 1192 सैंपल किए गए।