जौनपुर। कोविड-19 संक्रमण के कारण नवजात के साथ बच्चों में लगने वाला टीकाकरण प्रभावित हुआ है। जिले में 133479 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था। अब तक 22138 का ही टीकाकरण किया जा सका है।
कोरोना संक्रमण के दौरान पैदा होने वाले अधिसंख्य बच्चों का नियमित टीकाकरण समय पर नहीं हो पाया। कोरोना संक्रमण के चलते अभिभावक टीका लगवाने के लिए अस्पताल जाने से डर रहे थे। इसके कारण बच्चों में पोलियो, खसरा, डिप्थीरिया आदि का टीका समय पर नहीं लग पाया। इसे लेकर अभिभावक सहमे हुए हैं कि कहीं उनका बच्ची किसी बीमारी की चपेट में न आ जाए। कोविड संक्रमण के दौरान यात्रा पर प्रतिबंध होने के कारण वैक्सीन की आपूर्ति भी नहीं हो पा रही थी।
कोरोना संक्रमण के दौरान निजी चिकित्सालयों में ओपीडी बंद कर दी गई थी। पीएचसी सेंटरों पर भी मरीजों को देखने से चिकित्सक परहेज कर रहे थे। इसके कारण कोविड काल में जन्म लेने वाले बच्चों का टीकाकरण समय पर नहीं हो पाया। चिकित्सकों की मानें तो बच्चों को समय पर टीका लगना बहुत जरूरी होता है। नियमित टीकाकरण नहीं होने से बच्चों का स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। किसी बीमारी के ख़िलाफ़ बच्चे के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के लिए उसे वैक्सीन दी जाती है।