खेत में एक सप्ताह से गिरे बिजली के खंभे। संवाद
मछलीशहर। बड़ेरी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति के लिए उतिराई स्थित विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी लाइन एक सप्ताह से ठप पड़ी है। आंधी के दौरान मई गांव के पास 30 बिजली के खंभे गिर जाने से करीब 100 गांवों की विद्युत आपूर्ति प्रभावित है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग अब तक खंभों को लगाया नहीं जा सका है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बड़ेरी के पूर्व प्रधान राजेंद्र जायसवाल ने बताया कि मई गांव स्थित विद्युत केंद्र से खंभों के माध्यम से उतिराई उपकेंद्र तक बिजली आपूर्ति होती है। एक सप्ताह पहले आए तेज आंधी-तूफान और बारिश में करीब 30 खंभे तारों सहित गिर गए, जिससे पूरी लाइन बाधित हो गई। उपकेंद्र बंद होने से करीब 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले 100 से अधिक गांव अंधेरे में हैं। बिजली नहीं मिलने से धान की रोपाई, आटा चक्की, मोबाइल चार्जिंग और अन्य दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बेलवां निवासी डॉ. तिलेश्वर नाथ ने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
बड़ेरी के राम मिलन, उतिराई के राजबहादुर यादव और वेद का पुरा के पप्पू सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने मई गांव के पास गिरे खंभों को जल्द खड़ा कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
जहां खंभे गिरे हैं, वहां अभी पानी भरा हुआ है। ऐसी स्थिति में हाइड्रा मशीन के बिना खंभे खड़े करना संभव नहीं है। पानी कम होने के बाद ही खंभे लगाए जा सकेंगे। तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत गांवों में सीमित समय के लिए बिजली आपूर्ति की जा रही है। धर्मेंद्र पटेल, अवर अभियंता
ट्रांसफाॅर्मर जलने से 100 घरों में बिजली आपूर्ति ठप
जफराबाद। नगर पंचायत के काजीअहमदनूर लक्षणटीला में रविवार सुबह से 100 केबीए का ट्रांसफाॅर्मर जल जाने के कारण लगभग 100 घरों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। इससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया है और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मोहल्ले निवासी गिरीश श्रीवास्तव ने बताया कि कल शाम से घर में पानी नहीं है, जिससे छोटे बच्चों को काफी दिक्कत हो रही है। एक अन्य निवासी कृपाशंकर निषाद ने कहा कि बिजली न होने से पशु भी बेहाल हैं। गर्मी के कारण लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। स्थानीय लोग जल्द-से-जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग कर रहे हैं।