बहुजन समाज पार्टी ने केराकत सुरक्षित विधान सभा सीट से वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के लिए उर्मिला राज को प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
रविवार को यहां नार्मल स्कूल के मैदान में आयोजित पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में आजमगढ़ और वाराणसी के मंडल कोआर्डिनेटर डा. रामकुमार कुरील ने यह घोषणा की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उर्मिला राज का स्वागत किया।
समारोह में डा. रामकुमार कुरील ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार सभी स्तर पर फेल हो चुकी है। बसपा कार्यकर्ता अपनी सक्रियता अभी से तेज कर दें तो अगला 2017 का विधानसभा चुनाव बसपा की झोली में होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। सड़कें खराब हैं, बिजली की व्यवस्था पूरे प्रदेश में चरमरा गई है। उद्योगों, खेती-किसानी के लिए लोगों को बिजली नहीं मिल पा रही है।
इसका दुष्प्रभाव उत्पादन पर पड़ रहा है। कोई भी एक काम नहीं है, जिसे पार्टी अपनी उपलब्धि के तौर पर गिना सके। सम्मेलन में वाराणसी-आजमगढ़ के जोनल इंचार्ज रमाशंकर राजभर, अवनीश कुमार, मदन राम,
रामचंद्र गौतम, ओमप्रकाश गौतम और घोषित प्रत्याशी उर्मिला राज ने संबोधित किया। इस मौके पर बीपी सरोज, एमएलसी प्रभावती पाल, विजय लक्ष्मी, जिलाध्यक्ष अमरजीत गौतम,
जीत बहादुर, लियाकत अंसारी, आरके मौर्य, राजकुमार सरोज, विजय बहादुर, अर्जुन पासी, संतोष यादव मौजूद थे। अध्यक्षता अवनीश कुमार ने की।