जौनपुर। इस साल सीजन की सबसे ज्यादा 109.2 मिमी बारिश होने से किसान धान की फसल में दूसरी बार यूरिया के छिड़काव की तैयारी में हैं। संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने मंगलवार को यूरिया के उपलब्धता की हकीकत जानने के लिए सहकारी समितियों पर पहुंची तो पता चला कि सात दिन से सात समितियों पर यूरिया का स्टॉक शून्य है। किसान 266.50 रुपये की यूरिया बाजार से 350 रुपये में खरीदने के लिए मजबूर हैं। सहकारिता विभाग का दावा है कि जिले में 24752 टन यूरिया उपलब्ध है। हाल ही में 563 टन की एक रैक और मिली है। किसानों को यूरिया उपलब्ध कराने के लिए 204 साधन सहकारी समितियां खोली गई हैं। मल्हनी साधन सहकारी समिति के सचिव दीपक सिंह ने बताया कि सात दिन से स्टॉक खत्म है। किसान खरीदने के लिए आते हैं लेकिन वापस लौट जाते हैं। विभाग का दावा-यूरिया उपलब्ध, समितियों तक जल्द पहुंचेगा : सहकारिता विभाग के सहायक निबंधक बृजेश पाठक ने बताया कि जिन समितियों पर यूरिया खत्म हो गई है, वहां आवंटन कर दिया गया है। 563 मीट्रिक टन यूरिया की एक और रैक मिली है। जल्द ही सभी संबंधित समितियों पर यूरिया उपलब्ध करा दी जाएगी। विभाग के मुताबिक समस्या यूरिया की उपलब्धता की नहीं, बल्कि समितियों तक पहुंचने की है।