केराकत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर में शुक्रवार की दोपहर बाद बिल बकाए को लेकर विवाद हो गया। विद्युत कनेक्शन काटे जाने पर आक्रोशित ग्राहक ने अधिकारी को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद अधिकारियों की टीम बैरंग लौट गई। वापस आकर थाने पर मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस को सूचना दी।
ग्राहकों के विद्युत संबंधी समस्याओं के निवारण के लिए उपखंड अधिकारी के तत्वाधान में अकबरपुर गांव में कैंप लगाया गया था। कैंप के नजदीकी लोगों को बिल जमा करने के लिए कर्मचारियों द्वारा सूचना दी गई। अकबरपुर में एक घर पर विद्युत बिल बकाया था। कर्मचारियों ने जमा करने को कहा, नहीं जमा करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, आरोप है कि एक व्यक्ति ने विद्युत विभाग के अधिकारी राकेश पटेल को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद सभी विद्युतकर्मी लौट आए। उपखंड अधिकारी रमेश कुमार वैश्य ने बताया कि कर्मचारियों की चेकिंग में उपभोक्ता द्वारा विद्युत चोरी की जा रही थी। बकाया भी काफी समय से था। पकड़े जाने पर उपभोक्ता ने बवाल किया था। प्रभारी निरीक्षक केराकत जयप्रकाश यादव ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। जांचकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।