फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी पंचायत चुनाव: जौनपुर में 63.35 फीसदी मतदान, 5106 बूथों पर देर शाम तक पड़े वोट

Thu, 15 Apr 2021 10:12 PM IST
गीतार्जुन गौतम अमर उजाला नेटवर्क, जौनपुर

सार

उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान आज हो रहा है। इस दौरान जौनपुर जिले में चुनावी सरगर्मी के बीच लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। आज 1740 ग्राम पंचायतों पर चुनाव हो रहे हैं।
विज्ञापन
मतदान के लिए लाइन में खड़ी महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बृहस्पतिवार को छिटपुट घटनाओं के बीच जौनपुर में मतदान शांतिपूर्ण रहा। गांव की सरकार चुनने के लिए सुबह से ही मतदाताओं का उत्साह बना रहा। उप जिलानिर्वाचन अधिकारी रामप्रकाश ने बताया कि जिले में 63.35 फीसदी मतदान हुआ है। महिलाओं, युवाओं के साथ बुजुर्गों ने भी बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।

विज्ञापन


पूरे दिन सुरक्षा बल क्षेत्र में गश्त करती रहे। मतदान के बाद मतपेटी जमा करने के लिए देर रात तक ब्लाक मुख्यालय पर भीड़ जुटी रही। मतदान सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ। कुल 1740 ग्राम पंचायतों में बने 5106 बूथों पर मतदान के लिए सुबह से ही मतदाताओं की कतार लग गई। गांव की सरकार चुनने के लिए मतदाता उत्साहित दिखे।

जिले में 21 ब्लॉकों में ग्राम प्रधान के कुल 1740 पद हैं। इसमें तीन सीटों पर नामांकन के बाद प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित किया गया है। बीडीसी सदस्य के 2027 में से 56 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद शेष 1971 पदों के लिए वोट पड़ना था। एक पद पर चुनाव गड़बड़ी के चलते निरस्त कर दिया गया।
विज्ञापन


भदोही में पंचायत चुनाव की जानकारी के लिए क्लिक करें यहीं पर

जिला पंचायत सदस्य के 83 पद हैं। इस चुनाव में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह, मॉडल दीक्षा सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कमला सिंह, निवर्तमान अध्यक्ष राजबहादुर यादव की पत्नी राजकुमारी देवी, मल्हनी विधायक लकी यादव की भयोहू उर्वशी यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की चाची शीला सिंह, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी की देवरानी सहित कई दिग्गज और उनके परिवार के सदस्य जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मैदान में हैं।

मतदान के लिए लाइन में खड़ी महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला
प्रधान पद पर भी दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को घरों से निकालकर अपने पक्ष में वोट दिलाने के लिए सभी प्रत्याशी प्रयासरत रहे। सुरक्षा के मद्देनजर डीएम मनीष कुमार वर्मा, एसपी राजकरण नय्यर पुलिस फ़ोर्स के साथ चक्रमण करते रहे।

डीएम-एसपी ने बक्शा के प्राथमिक विद्यालय गढ़ासेनी, प्राथमिक विद्यालय सुजियामऊ, विकासखंड क्षेत्र सिरकोनी के इंग्लिश मीडियम अभिनव प्राइमरी स्कूल सुल्तानपुर, शाहगंज के कुहिया, खुटहन के प्राथमिक विद्यालय गुलालपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय डीहजहनिया में बने बूथों का निरीक्षण किया। मतदाताओं को कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए मतदान करने के लिए प्रेरित किया। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट की टीम भी लगातार गश्त करती रहीं।

मधुमक्खियों ने किया हमला

प्राथमिक विद्यालय मुफ्तीगंज में बने मतदेय स्थल के बाहर उस समय भगदड़ मच गई, जब मतदान करने पहुंचे लोगों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। सुबह करीब पौने दस बजे समीप स्थित पीपल के पेड़ के छत्ते में किसी ने पत्थर मार दिया। इसके बाद मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।

मधुमक्खियों के हमले से बीडीसी सदस्य प्रत्याशी अजमल अंसारी, उसके छोटे भाई अबूजर अंसारी, प्रधान पद प्रत्याशी बांकेबिहारी साहू, जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी छोटेलाल चौरसिया सहित कई लोग जख्मी हुए। करीब एक घंटे तक अफरातफरी मची रही। इससे कुछ देर के लिए मतदान की गति भी थम गई थी।
विज्ञापन

बीडीसी प्रत्याशी ने की चुनाव निरस्त कराने की मांग

मुफ्तीगंज के मुर्तजाबाद गांव में बूथ संख्या 39 में वार्ड संख्या 5 से 8 के मतदाताओं को वोट देना था। गांव में वार्ड संख्या एक से सात में दो प्रत्याशी हैं, जबकि वार्ड संख्या 8 से 15 मेंचार प्रत्याशी हैं। पीठासीन अधिकारी की गलती से वार्ड संख्या 8 का लगभग 42 वोट 7 वार्ड संख्या के प्रत्याशी को पड़ गया। इसे लेकर प्रत्याशियों ने हो हल्ला मचाया। केराकत एसडीएम चंद्रप्रकाश पाठक व सीओ शुभम टोडी ने सभी प्रत्याशियों को बुलाकर समझौता करा कर चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई।

फर्जी वोट डलवाने का आरोप

मड़ियाहूं विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय रामनगर-2 मखदुमपुर पर चुनाव में फर्जी वोट डालने का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा किया। प्रशासन को सूचना देते हुए चुनाव रद्द करने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप था कि एक पूर्व प्रधान के इशारे पर फर्जी आधार कार्ड से दो सौ लोगों का वोट डलवाया गया है। लोगों ने स्टेशन रोड के आधार केंद्र पर पहुंचकर संचालनकर्ता को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। 
 
सांसद, विधायक ने भी दिए वोट

जौनपुर के जनप्रतिनिधियों ने पंचायत चुनाव में अपने बूथों पर पसंदीदा प्रत्याशी को वोट दिया। मछलीशहर सांसद बीपी सरोज ने मुंगराबादशाहपुर ब्लाक के मादरडीह गांव के बूथ पर परिवार के साथ पहुंचकर वोट दिया। पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने सिकरारा के बनसफा गांव के बूथ पर वोट डाला। बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने सुईथाकला ब्लाक के अर्सिया गांव के बूथ पर अपराह्न साढ़े तीन बजे वोट दिया।

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें