19 फरवरी से शुरू हो रही माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। 325 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में कुल दो लाख, तीन हजार, आठ सौ चार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
जिला प्रशासन का दावा है कि नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं। जिले को कुल 30 सेक्टर और छह जोन में बांटा गया है। सभी सेक्टर में एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
सभी परीक्षा केंद्रों पर बुधवार की देर शाम तक डेस्क स्लिप लगाने का काम चल रहा था। पहले दिन गुरुवार को पहली पाली में हाईस्कूल की परीक्षा में हिंदी और इंटरमीडिएट में सैन्य विज्ञान विषय की परीक्षा होगी।
दूसरी पाली में इंटर मीडिएट के हिंदी विषय की परीक्षा होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरधारीलाल कोली ने बताया कि पहली पाली की परीक्षा सुबह 7:30 बजे से शुरू होकर 10:45 बजे समाप्त होगी जबकि दूसरी पाली की परीक्षा 2 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे समाप्त होगी।
परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए कड़ी व्यवस्था की गई है। आंतरिक सचल दल के अलावा उड़न दस्ते का भी गठन किया गया है। उड़न दस्ते की टीम प्रत्येक आधे घंटे पर सेंटर पर पहुंचेगी।
इसके अलावा सभी केंद्र व्यवस्थापकों को मजिस्ट्रेट का अधिकार दे दिया गया है। 19 फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा 23 मार्च को समाप्त होगी। बुधवार को भी कई केंद्रों पर प्रवेश पत्र वितरण किया गया।