सिकरारा। क्षेत्र के जौनपुर-रायबरेली राजमार्ग स्थित गुलजारगंज बाजार में शुक्रवार को दोपहर बाद अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बुलेट सवार सेवानिवृत्त रोडवेज परिचालक बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विधिक कार्रवाई में जुट गई।
क्षेत्र के भरतपुर गांव निवासी व सेवानिवृत्त रोडवेज परिचारक कैलाशनाथ यादव (62) शुक्रवार सुबह अपनी बुलेट मोटर साइकिल की सर्विस कराने मछलीशहर गए थे। वहां से काम करवाकर वे दोपहर बाद करीब ढाई बजे घर लौट रहे थे। अभी वे गुलजारगंज बाजार की दक्षिणी सीमा पर पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर रोड पटरी पर खड़े ऑटो से टकरा गई। जिसके बाद अपनी गाड़ी के साथ सड़क पर गिर गए। दुर्भाग्यवश उसी समय पीछे से एक तेज गति कार आई और रौंदते हुए निकल गई। किसी ने उनको पहचान कर उनके बेटे रवि यादव व पुलिस को फोन किया। उनके बेटे तुरंत मौके पर पहुंचे व निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर बड़ी संख्या में परिजन व ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। इस बाबत थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है। मौत की सूचना पर घर पर कोहराम मच गया।
..................................
चार माह पूर्व बड़े बेटे का लंबी बीमारी के बाद हो गया था निधन
इस सड़क दुर्घटना से मृतक कैलाश के परिवार को दोहरा झटका लगा है। वे बड़े ही व्यावहारिक व हसमुख प्रवृत्ति के इंसान थे। उनकी मौत से समूचा गांव शोक संतृप्त है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों के अनुसार उनका बड़ा बेटा स्व. अभिषेक उर्फ गुड्डू (35) सिकरारा बाजार में सहज जन सेवा केंद्र चलाते थे। दो वर्ष पूर्व उन्हें गुर्दे की दिक्कत शुरू हुई। मुंबई व एसपीजीआई लखनऊ में लंबे समय तक इलाज चला लेकिन फरवरी 24 में उनका निधन हो गया। कैलाश की पत्नी कलावती अभी बेटे के जाने के गम से संभल भी नहीं पाई थीं कि शुक्रवार को सुहाग ही उजड़ गया। पति की मौत की खबर पर वे निःशब्द होकर बेहोश हो गईं। उनको चिकित्सीय सुविधा देनी पड़ी। मृतक के मझले बेटे आशीष उर्फ राजू एक बी फार्मा कालेज चलाते हैं।छोटा विवेक उर्फ रवि यादव खेती व कालेज के काम मे भाई का सहयोग करता है।