सिद्दीकपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर जाम लगाए लोग।
- फोटो : JAUNPUR
करंजाकला। जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर के पास बृहस्पतिवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे बेकाबू ट्रेलर दुकान में घुस गया। ट्रेलर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। ट्रेलर के धक्के से दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना से गुस्साए लोगों ने शव सड़क पर रखकर जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष सरायख्वाजा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
सिद्दीकपुर गांव निवासी चंदन 19 पुत्र विनोद और राजन 21 पुत्र छोटेलाल शाम को करीब साढ़े सात बजे मां दुर्गा हायर सीनियर सेकेंड्री स्कूल के निकट स्थित एक चाय की दुकान पर मौजूद थे। उसी वक्त शाहगंज से जौनपुर की तरफ जा रहा ट्रेलर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर को टक्कर मारते हुए दुकान में घुस गया। ट्रेलर की चपेट में आने से दुकान पर मौजूद चंदन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ट्रेलर छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साई भीड़ ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर एसओ सरायख्वाजा जगदीश कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। सूचना पर सीओ सदर रणविजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर जाम समाप्त करवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिद्दीकपुर में हादसे के बाद खड़ी दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर।- फोटो : JAUNPUR