सुजानगंज क्षेत्र के बसरहीं में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटा ट्रक।
- फोटो : JAUNPUR
जलालपुर/सुजानगंज। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क में गड्ढे के कारण असंतुलित होकर दो ट्रक पलट गए। इसमें एक ट्रक के चालक व खलासी को हल्की चोटें आई हैं, जबकि दूसरे ट्रक चालक व खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जलालपुर थाना क्षेत्र के सई नदी के ऊपर बने पुल के पास हाइवे पर सोमवार की देर रात एक ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। इससे चालक व खलासी घायल हो गए। चालक शिवम सिंह व खलासी मनोज निवासी गढ़बेवर मैनपुरी ने बताया कि मुरैना से गुल्ला लादकर फूलपुर वाराणसी स्थित फैक्ट्री में उतारने जा रहे थे। सामान ट्रक के बाडी से ऊपर तक लदा था। पुल के पास बनाया गया वैकल्पिक मार्ग का किनारा ऊंचा है, जबकि दूसरा किनारा काफी नीचा होने के साथ सड़क पर गड्ढे हैं। इसमें हिचकोले खाकर ट्रक पलट गया।
मंगलवार को दोपहर में पलटे ट्रक का सामान दूसरे ट्रक में भरकर फैक्ट्री भेजा गया। इसके बाद क्रेन के सहायता से ट्रक को हटाया गया। वहीं, सुजानगंज थाना क्षेत्र के बसरही बाजार में मंगलवार की दोपहर प्रयागराज की तरफ से आ रहा बालू लदा ट्रक गड्ढे होने के कारण पलट गया। इसमें फंसे चालक और खलासी को स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला। चालक व खलासी को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया।