मुंगराबादशाहपुर। प्रयागराज के फूलपुर की तरफ से आ रही एक डंपर ने सहसों चौराहे पर बुधवार की शाम सड़क पार कर रहे बुलेट सवार दो युवकों को ठोकर मार दी। इसमें दोनों की की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
मुंगराबादशाहपुर के गुड़हाई मुहल्ला निवासी वीरेंद्र कुमार उर्फ बबलू (35) उत्तर प्रदेश पुलिस में फतेहपुर में तैनात थे। बुधवार की शाम वे बुलेट से अपने पडो़सी प्रियांशु (20) के साथ सहसों की ओर आ रहे थे। सहसों चौराहे पर सड़क पार करते समय फूलपुर की तरफ से आ रही एक डंपर ने बुलेट को जोरदार टक्कर मार दी। इसकी चपेट में आकर सिपाही और युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे पीआरबी पुलिस एवं चौकी इंचार्ज शिव प्रताप सिंह सहित अन्य सिपाहियों ने दोनों शव को पुलिस चौकी ले जाकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। वीरेंद्र कुमार चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी मौत से पत्नी पुष्पा देवी, पांच वर्षीय पुत्र पीयूष सहित अन्य परिजन का रो रो कर बुरा हाल है। प्रियांशु सात भाइयों में छठवें नंबर का था। दुर्घटना से प्रयागराज-गोरखपुर राजमार्ग लगभग आधे घंटे तक अवरुद्ध रहा। थानाध्यक्ष मुंगराबादशाहपुर विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना होने पर राजमार्ग जाम किया गया था। रास्ते से वाहन हटाकर आवागमन बहाल कराया गया।