बक्शा थाना क्षेत्र के कोहड़े सुल्तानपुर गांव में बृहस्पतिवार की शाम करीब 4 बजे गोमती नदी में नहाने गए दो दोस्त डूब गए। इसमें से एक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की तलाश की जा रही है।
बक्शा थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव निवासी राकेश पाल उर्फ जाली (22) पुत्र फूलचंद, पड़ोसी मोनू पाल (20) पुत्र दयाशंकर तथा छोटू पाल (18) पुत्र दीना बृहस्पतिवार को पड़ोसी गांव कोहड़े सुल्तानपुर गांव से होकर गुजर रही गोमती नदी में नहाने गए थे। नहाने के लिए राकेश व मोनू नदी में उतर गए, जबकि साथ गया तीसरा छोटू किनारे था। इस बीच नहाते समय दोनों युवक गहरे पानी में चले गए। जिन्हें डूबते हुए देख घाट पर बैठे युवक ने शोर मचाना शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए और ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। नदी किनारे के आसपास के गोताखोरों ने नदी में कूदकर दोनों युवकों की खोजबीन शुरू की तो राकेश के मिलते ही पहले से खड़े एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। मोनू की गोताखोर तलाश करने में जुट रहे। उधर, थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि नदी में डूबे मोनू पाल की खोजबीन जारी है।