बक्शा, बदलापुर और मीरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अलग-अलग हादसे में दो युवकों की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें एक युवक की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बक्शा प्रतिनिधि के मुताबिक वाराणसी लखनऊ मार्ग पर शंभूगंज बाजार के पास ट्रैक्टर को ओवर टेक करने के चक्कर में बाइक सवार दो युवक सामने से आ रहे टैंकर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें मौके पर ही सड़ेरी बक्शा निवासी समाचार पत्र विक्रेता सुरेंद्र यादव के पुत्र विकास 21 की मौत हो गई। जबकि उसका साथी सोनू पुत्र रामआश्रय गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे जिला अस्तपाल में भर्ती कराया गया है। दोनों बाइक से बिना हेलमेट लगाए जा रहे थे। उधर, गड़हा तेली गांव के पास नौपेड़वा मार्ग पर बाइक अनियंत्रित होने से सोनपुर सिकरारा निवासी मुन्ना विश्वकर्मा और ककोहिया निवासी कैलाश घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बक्शा में भर्ती कराया गया है। यह भी हेलमेट नही लगाए थे।
मीरगंज प्रतिनिधि के मुताबिक अगहुआ गांव से सिकरारा लड़की देखने जा रहे बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे छह लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज मछलीशहर में चल रहा है। अगहुआ गांव के ओम प्रकाश जायसवाल अपने लड़के ज्ञानदेव की शादी के लिए लड़की देखने सिकरारा जा रहे थे। रायबरेली जौनपुर हाईवे पर बीबीपुर गांव के पास अचानक बोलेरो पलट गई।
जिसमें शिव प्रसाद जायसवाल (65), आम प्रकाश जायसवास (70), सुरेश (34), योगेनद्र मौर्य (40), लाल चन्द्र (50) और भगौती प्रसाद जायसवाल (60) को चोट आयी।बदलापुर ः पुरानी बाजार गांव के सामने शुक्रवार की रात में ट्रक की चपेट में आने से आगरा के नाला कोठी निवासी सुनील कुमार की मौत हो गई। सुनील चूड़ी बेचने का काम करता था। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फारार हो गया।