जौनपुर के बरसठी थाना क्षेत्र के गारोपुर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में खुले बोर के गड्ढे में गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गारोपुर गांव निवासी छह वर्षीय शिवम बिंद, पुत्र वीरेंद्र बिंद और पांच वर्षीय आरो बिंद, पुत्र अनिल बिंद, बुधवार को घर से करीब 300 मीटर दूर खेल रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे हैंडपंप लगाने के लिए पहले से खोदे गए खुले बोर के गड्ढे में दोनों बच्चे गिर गए। हादसे में शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आरो को परिजन तत्काल सुरियावां के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।