फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaunpur News: एक गेट के लिए दो टेंडर जारी, बैठक छोड़कर निकले विधायक लकी यादव

विज्ञापन
दिशा की बैठक में शामिल जनप्रतिनिधि और अधिकारी। सूचना विभाग
विज्ञापन
जौनपुर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जौनपुर के सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता, मछलीशहर की सपा सांसद प्रिया सरोज और भाजपा राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी की सह-अध्यक्षता में हुई। बैठक में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों पर आरोप भी लगे। सपा से मल्हनी विधायक लकी यादव ने विकास कार्यों के प्रस्तावों में भेदभाव और एक ही स्थान पर दो गेट के टेंडर जारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रशासन पर विपक्ष के जनप्रतिनिधियों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया और बाहर निकल आए।
विज्ञापन

विधायक लकी यादव ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं के पास पार्क बनवाने के लिए प्रत्येक जनप्रतिनिधि को एक-एक करोड़ रुपये का बजट दिया गया है। इसके तहत समाज कल्याण विभाग ने प्रस्ताव मांगा था। उन्होंने भी मल्हनी विधानसभा क्षेत्र में 10 स्थानों पर पार्क बनवाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन इनमें से केवल दो ही स्वीकृत किए गए।
विधायक का आरोप है कि उनके विधानसभा क्षेत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष के तीन प्रस्तावों पर पार्क बनवाए जा रहे हैं, जबकि एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू के पांच स्थानों के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह अन्य क्षेत्रों में भी सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों के नौ-नौ प्रस्ताव मंजूर किए गए, जबकि विपक्षी विधायकों के अधिकतम पांच प्रस्ताव ही स्वीकृत हुए हैं।
विज्ञापन

उन्होंने स्वीकृत प्रस्तावों की सूची सार्वजनिक नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाया। आरोप है कि बजट विधायक निधि से है। ऐसे में जिलाध्यक्ष के प्रस्ताव पर स्वीकृति देना गलत है। विधायक ने सिकरारा-बरईपार मार्ग पर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नाम से गेट लगवाने के प्रस्ताव में भी अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग से 12 लाख रुपये की लागत से गेट बनवाने का टेंडर जारी हुआ था। उनके मुताबिक, इसके बाद उसी स्थान पर एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू के नाम से दूसरा टेंडर भी स्वीकृत कर गेट लगवा दिया गया। अब वह सिकरारा में दूसरे स्थान पर गेट बनवाने का प्रस्ताव दे रहे हैं तो उस पर भी टालमटोल की जा रही है।
इन मुद्दों को उठाने के बाद वह बैठक छोड़कर बाहर निकल गए। बैठक में जफराबाद से सुभाषपा विधायक जगदीश नारायण राय, शाहगंज से निषाद पार्टी के विधायक रमेश सिंह, मड़ियाहूं से अपना दल एस के विधायक डॉ. आरके पटेल, मुंगराबादशाहपुर से सपा विधायक पंकज पटेल, केराकत से सपा विधायक तुफानी सरोज और एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू सहित जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., सीडीओ नरेंद्र बहादुर सिंह और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें