परिषदीय विद्यालय में तैनात दो शिक्षकों का वेतन एक ही पैनकार्ड पर जारी किया जा रहा है। इसमें एक शिक्षक की तैनाती जौनपुर में है तो दूसरे की तैनाती चंदौली में है। वर्ष 2016 से पहले दोनों शिक्षक चंदौली जिले के चकिया विकास खंड के अलग-अलग विद्यालयों में तैनात रह चुके हैं।
वित्त नियंत्रक बेसिक प्रयागराज की ओर से मई महीने में शासन को सौंपी गई वेतन भुगतान की रिपोर्ट में कई तरह की खामियां उजागर हुई हैं। अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा रेणुका कुमार के निर्देश पर शिक्षकों के वेतन संबंधित अभिलेखों की जांच की जा रही है।
जौनपुर में इसकी जांच कर रहे वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा नंद कुमार कुरील के मुताबिक जिले के मछलीशहर विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पहाड़पुर में तैनात सहायक अध्यापक जयप्रकाश वर्ष 2016 में चंदौली से तबादला कराकर यहां आए हैं। वित्त नियंत्रक के यहां से जारी सूची में इसी नाम के एक दूसरे अध्यापक जो चंदौली में तैनात हैं उनका भी वेतन उसी पैन कार्ड पर जारी किया जा रहा है।
वित्त एवं लेखाधिकारी ने बताया कि मछलीशहर के पहाड़पुर विद्यालय पर तैनात अध्यापक जयप्रकाश के सभी अभिलेखों की जांच कर ली गई है। इनके सारे अभिलेख सही पाए गए हैं। पूछताछ में अध्यापक जय प्रकाश ने बताया कि वह जब चंदौली में थे तभी आयकर रिटर्न भरते समय इस मामले का खुलासा हुआ था। उसी वक्त उन्होंने आयकर विभाग से शिकायत की थी।
आधार से लिंक होने के बाद उन्हें आयकर विभाग ने लिखित रूप से दिया है कि उनकी पैन संख्या सही है। चंदौली में तैनात इसी नाम के दूसरे शिक्षक भी हैं लेकिन उनके पिता का नाम, जन्मतिथि, स्थाई पता और जन्मतथि में अंतर है। रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।