राजाबाजार/ शाहगंज। भाइयों को राखी बांधने जा रही दो बहनों की अलग-अलग सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों ही महिलाओं की मौत ट्रैक्टर की चपेट में आने से हुई। एक महिला के पति और दो बच्चे भी जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
महराजगंज थाना क्षेत्र के उमरी खुर्द निवासी बालकेशर बिंद अपनी मां संतरा देवी और बहन इंदिरा को बाइक पर बैठाकर राखी बंधवाने ननिहाल गुलजारगंज जा रहा था।सुबह करीब 11 बजे तेजीबाजार चौराहे पर गड्ढों में बाइक अनियंत्रित हुई तो बाइक के पीछे बैठी संतरा देवी (65) असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। पीछे से तेज रफ्तार में आ रही सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से संतरा देवी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही तेजीबाजार चौकी प्रभारी अज्जीमुस्लाम मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया।
शाहगंज क्षेत्र के कोहड़ा गांव निवासी रूद्र प्रताप अपनी पत्नी अमृता (30) व दो बच्चों नैनसी (5) और हिमांशु (4) के साथ बाइक से सोमवार की दोपहर करीब एक बजे अपनी ससुराल आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र के खेवती दनियालपुर जा रहे थे। अयोध्या मार्ग स्थित चिरैया मोड़ के समीप पीछे से आ रही एक बाइक ने टक्कर मार दी। रूद्र प्रताप बाइक लेकर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने पत्नी अमृता को चपेट में ले लिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पति व दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को राजकीय पुरुष चिकित्सालय लाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने रूद्र प्रताप को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।