जौनपुर जनपद के मछलीशहर कस्बे के महतवाना मोहल्ले में निर्माणाधीन मकान का बारजा निकालने और विवाद की सूचना पर पहुंचे लेखपाल के सामने ही दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। दोनों तरफ से 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसडीएम के निर्देश पर पहुंचे लेखपाल मारपीट होता देख मौके से खिसक लिए।
नगर के महतवाना मोहल्ले मे निर्माणाधीन मकान के बारजे का निर्माण चल रहा था। एक पक्ष ने एसडीएम से शिकायत कर निर्माण कार्य रोकवाने की मांग की। इस पर एसडीएम ने लेखपाल को मौके पर जांच के लिए भेजा। लेखपाल के पहुंचते ही दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट होती देख लेखपाल मौके से खिसक लिए। लाठी, डंडा और धारदार हथियार से हुई मारपीट में एक पक्ष से कैफ, सैफ, इरशाद, शमशाद, परवीन और दूसरे पक्ष से इरशाद मुस्तफा, इम्तियाज, मजहर, हारिश, अखलर और उदशिया खातून घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां से डॉक्टर ने इरशाद, हारिश और कैफ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों पक्षों से मिली तहरीर के बाद पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।