सिंगरामऊ क्षेत्र में हाइवे से खाई में कार को बाहर निकालती क्रेन। संवाद
सिंगरामऊ (जौनपुर)। थानाक्षेत्र के साढ़ापुर गांव से होकर गुजरे फोरलेन हाईवे-731 पर सोमवार की सुबह लगभग 10 बजे एक कार अनियंत्रित होकर दस फीट गहरी खाई में पलट गई। इसके बाद कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार में सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बाराबंकी के निवासी हैं। सिंगरामऊ थानाध्यक्ष सैयद हुसैन मुंतजर ने बताया कि बाराबंकी जिले के कोतवाली थानाक्षेत्र के नवाबगंज निवासी नसीरुद्दीन सिद्दीकी (45) अपने साथी वसीम अहमद (43) के साथ कार से जौनपुर की तरफ जा रहे थे। वह साढ़ापुर गांव के नजदीक पहुंचे थे कि कार अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे 10 फीट गहरी खाई में चली गई और पेड़ से टकरा गई। इससे नसीरुद्दीन सिद्दीकी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वसीम अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल को बदलापुर अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले गई। वहां से हालत नाजुक देखते हुए वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में हाल के दिनों में सड़क हादसों में बढ़ोतरी हो गई है।