खुटहन (जौनपुर)। लोहियापट्टी-पटैला मार्ग पर सुईथाखुर्द गांव के पास रविवार की रात पुलिस व बदमाशों की हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी। घायलों को शाहगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बदमाशों के पास से दो तमंचा, छह कारतूस और 20 किलो गांजा बरामद किया गया।
शाहगंज के सीओ शुभम तोंदी ने बताया कि रविवार की देर रात लोनियापट्टी वाया पटैला मार्ग पर संदिग्धों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ बदमाश एक कार में अवैध मादक पदार्थ लादकर कहीं बेचने जा रहे हैं। उनके पास अवैध असलहा भी है। इस सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष खुटहन योगेंद्र सिंह, कोतवाली प्रभारी शाहगंज आदेश कुमार त्यागी व थानाध्यक्ष सरपतहां विनोद कुमार सिंह टीम के साथ और सक्रिय हो गए। लक्ष्मी शंकर मोड़ से लगभग 500 मीटर आगे सुइथाखुर्द गांव में सामने से एक कार दिखी। रात में टार्च जलाकर रुकने का इशारा किया गया तो कार बैक होकर पीछे की तरफ मुड़ने लगी। पुलिस ने घेराबंदी शुरू की तो कार के भीतर से बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दिस। दो राउंड चली गोली में एक शाहगंज एसएचओ के कान के पास निकल गई। दूसरी गोली बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी जिससे दोनों घायल हो गए। बदमाशों की पहचान अमजद शेख व सारिक निवासीगण पटैला थाना खुटहन के रूप में हुई। बदमाशों के पास से दो तमंचा, छह कारतूस व बीस किग्रा गांजा बरामद किया गया। बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई मामले दर्ज हैं।