कोतवाली थाना क्षेत्र के सिपाह के पास एक ढाबा संचालक की वाहन (फार्च्यूनर) से शनिवार को चोरों ने दो लाख रुपये नकदी की उचक्कागिरी कर ली। पीड़ित ने पुलिस चौकी सिपाह में तहरीर दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से जांच पड़ताल में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रिजवी का निवासी शौकत एजाज शनिवार की दोपहर 12 बजे सिपाह के पास अपनी कार खड़ी करके चावल की दुकान पर गए हुए थे। आरोप है कि उन्होंने अपने वाहन में कोट उतार कर रखा था। एक अज्ञात आदमी भाग कर आया और कहा कि आपकी कार से धुआं निकल रहा है। जब वह अपनी कार के पास पहुंचे तो देखा कि नीचे जले हुए मोबिल से धुआं निकल रहा था। कार का दरवाजा खोलकर देखा तो उनकी जैकेट गायब थी। उन्होंने बताया कि कोट में दो लाख रुपये की गड्डी रखे थे, जो कार से गायब हो चुकी थी। शौकत एजाज गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चोरसंड में ढाबा चलाते हैं। इस संबंध में चौकी इंचार्ज सिपाह अरविंद यादव ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। दुकानों में लगे सीसीटीवी की मदद से जांच की जा रही है।