विदेश भेजने के नाम पर स्थानीय थाना क्षेत्र के कई गांवों के युवकों से रुपये ऐंठ कर फरार आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के नोनारी गांव निवासी रिजवान अहमद के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। छह अन्य लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई पटैला गांव निवासी पीड़ित जुबेर अहमद की तहरीर पर की है।
पीड़ित का आरोप है कि रिजवान के द्वारा करीब एक वर्ष पूर्व विदेश भेजने के नाम पर 25 हजार रुपये लिया गया था। इसके अलावा इसी थाना क्षेत्र के और चार गांव निवासी सात व्यक्तियों से उतनी ही धनराशि लेकर उन्हें अब-तब करके टालता रहा है। पैसे वापसी का दबाव बनाने पर उसने फर्जी बीजा लाकर थमा दिया। आरोप है कि हाल ही में जब उसके घर जाकर पैसे वापस करने को कहा गया तो उसने सीधा मना कर दिया। धमकी भी दिया कि यदि ज्यादा हाथ पांव मारोगे तो जान से हाथ धोना पड़ जाएगा। थक हारकर पीड़ित थाने में नामजद तहरीर दी है। जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।